गवर्मेंट स्कीम्सDA hike: केंद्रीय कर्मचारियों को प्रधानमंत्री मोदी का तोहफा, डीए 4%, एचआरए...

DA hike: केंद्रीय कर्मचारियों को प्रधानमंत्री मोदी का तोहफा, डीए 4%, एचआरए 3% बढ़ा, ग्रैच्युटी सीमा में भी इजाफा

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के 50 लाख से अधिक कर्मचारियों और 60 लाख से अधिक पेंशनधारियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय कैबिनेट ने आज महंगाई भत्ते (DA hike) और मकान किराया भत्ते में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। डीए में 4% की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है, जबकि हाउस रेंट अलाउंट 3% बढ़ाया गया है। इसके अलावा, ग्रैच्युटी की सीमा को बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दिया गया है। इसे केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों के लिए सरकार के होली के तोहफे के रूप में भी देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों के वेतन का मुद्दा भी इस बैठक के एजेंडे में था। कैबिनेट ने डीए में 4% का इजाफा करने और एचआरए में 3% बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार शाम इस फैसले की जानकारी दी। इसके अलावा, केंद्रीय कैबिनेट ने महिलाओं से संबंधित, एआई से संबंधित फैसले समेत पांच अन्य बड़े फैसले भी लिए।

कितना हो जाएगा डीए और एचआरए?

फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 46% है। डीए में 4% की बढ़ोतरी के बाद यह बढ़कर 50% हो जाएगा। इसी तरह, हाउस रेंट अलाउंस अभी 27% है, यह बढ़कर 30% हो जाएगा। यदि किसी केंद्रीय कर्मचारी की बेसिक सेलरी 50 हजार रुपए है, तो 46% की दर से उसे डीए के रूप में फिलहाल 23 हजार रुपए मिलते हैं। इस बढ़ोतरी के बाद 50% की दर से उन्हें 25 हजार रुपए डीए मिलने लगेगा। वहीं, एचआरए के रूप में अभी 27% की दर से 13500 रुपए मिलते थे, अब वह 30% की दर से 15000 रुपए हो जाएगा।

हर महीने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने वाली पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में हिस्सा कैसे लें, कहां करें आवेदन, सब्सिडी और लोन कैसे मिलेगा

क्या एरियर भी मिलेगा?

डीए और एचआरए में यह बढ़ोतरी जनवरी से प्रभावी होगी। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों को जनवरी और फरवरी दो माह का एरियर भी मिलेगा।

बता दें कि यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की आखिरी डीए बढ़ोतरी है। इसके बाद नई सरकार आने के बाद ही डीए में बढ़ोतरी होगी। ऐसे में यह अनुमान भी लगाया जा रहा था कि केंद्रीय कर्मचारियों को खुश करने के लिए सरकार डीए में 4 फीसदी से अधिक की भी बढ़ोतरी कर सकती है, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

Check out our other content

Most Popular Articles